युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। यह घटना चूंदी नदी के पास हाइवे से लगभग 100 मीटर अंदर जंगल में सामने आई। मृतक की पहचान धौनहा निवासी दिनेश प्रताप सिंह गोंड (25) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

 

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि युवक ने वाहन के नाम पर लोन लिया था और वह लंबे समय से कर्ज के बोझ तले दबा हुआ था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बताया कि उस पर लाखों रुपये का कर्ज था। किस्तों का भुगतान न कर पाने के कारण कर्जदार लगातार घर पहुंचकर दबाव बना रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

 

पुलिस के अनुसार, दिनेश 18 फरवरी को पैसे की व्यवस्था करने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। 19 फरवरी को उसकी अंतिम बार परिजनों से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह लापता हो गया था। परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे।

 

सोमवार देर शाम स्थानीय लोगों ने जंगल के अंदर एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

मंगलवार सुबह मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें